IPL 2023: इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का आगाज 31 मार्च से होने वाला है। वहीं इस बार भी मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर मु्ंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा हैं। अर्जुन को मुंबई की टीम ने साल 2021 में उनके बेस प्राइस 20 लाख पर अपनी टीम में शामिल किया था।
वहीं 2022 के IPL के मिनी ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने अर्जुन को उनकी 30 लाख की बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया है। पिछले दो साल से अर्जुन तेंदुलकर मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा हैं। हालांकि उन्हें अब तक IPL में डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है। लेकिन इस बार मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने उन्हें खिलाने को लेकर बड़ी हिंट दी है।
अर्जुन को खेलने का मिलेगा मौका
IPL 2023 के आगामी सीजन से पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने अर्जुन तेंदुलकर को लेकर कहा कि, “मुझे ये पूरी उम्मीद है कि अर्जुन तेंदुलकर इस बार मुंबई इंडियंस की प्लेइंग XI में जगह बना पाएंगे।” जाहिर है MI के कप्तान रोहित शर्मा के इस बयान से ये तो साफ हो गया है कि अर्जुन तेंदुलकर को इस बार IPL टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिल सकता है।
वे इस बार IPL 2023 में डेब्यू कर पाएंगे। वहीं मुंबई इंडियंस के कोच मार्क बाउचर का भी मानना है कि, अर्जुन पिछले कुछ वक्त से काफी अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं। वे अच्छी बॉलिंग कर रहे हैं और टीम उनको इस बार प्लेइंग XI में शामिल करने पर जरूर विचार करेगी।
अर्जुन का क्रिकेट करियर
जहां तक क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर के अब तक के क्रिकेट करियर का सवाल है तो, 7 फर्स्ट क्लास मुकाबले में 12 विकेट, 7 लिस्ट ए करियर में 8 विकेट और 9 टी20 मुकाबले में 12 विकेट झटके हैं। इसके अलावा उन्होंने बल्लेबाजी में भी दमखम दिखाते हुए अब तक 233 रन बनाए हैं। यही नहीं वे अंडर-19 क्रिकेट भी खेल चुके हैं।
आपको बता दें कि, अर्जुन तेंदुलकर बांए हाथ के तेज गेंदबाज हैं जो दोनों ही तरफ गेंद को स्विंग करने की काबिलियत रखते हैं। हालांकि उन्हें डोमेस्टिक क्रिकेट का ज्यादा अनुभव तो नहीं है, लेकिन जितने भी मौके मिले हैं उन्होंने खुद को एक ऑलराउंडर के तौर पर बखूबी साबित किया है। ऐसे में ये देखना दिलचस्प हो होगा कि, IPL 2023 में 2 अप्रैल को मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के मुकाबले में खेलते हैं या नहीं।